बिलासपुर। चकरबेड़ा से कुटेला और बूढ़ीखार से जैतपुर मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दोनों सड़कों को स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 17 ज्वाला प्रसाद बंजारे ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर विभाग से कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन लगातार टालमटोल की जा रही है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ज्वाला बंजारे ने विभाग को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ वृहद चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क पर काम चाहिए।
